ग्राउंड रिपोर्ट,पंचकूला। गांव मोगीनन्द में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लकड़ी रखने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झगड़ा हो गया। इस हमले में करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाओं और बुजुर्गों सहित पुरुष शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए सैक्टर 6 के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित रघुबीर सिंह ( 58) निवासी मोगीनन्द ने बताया कि उनका बेटा गांव के बस स्टॉप के पास एक वाहन धोने का सर्विस स्टेशन चलाता है। उसी के पास जरनैल सिंह नामक व्यक्ति ने लकड़ियों का ढेर लगा रखा है और कथित तौर पर सरकारी जमीन पर कब्जा भी किया हुआ है। जब रघुबीर सिंह ने लकड़ी हटाने के लिए कहा तो जरनैल सिंह ने विवाद शुरू कर दिया और फोन कर अपने साथी नन्दी को बुला लिया। दोनों ने झगड़े की धमकी दी और चले गए।
इसके बाद, सुबह करीब 8:30 बजे नवनीत उर्फ काला , नन्दी, लखन, सोमबीर राजपूत और अन्य व्यक्ति फोर्ड फिगो कार और मोटरसाइकिलों में हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने रघुबीर सिंह, उनके परिवार और अन्य लोगों पर ग़डासियों, लोहे की पाइप में चेन लगी छड़ों और डंडों से हमला कर दिया। रघुबीर सिंह को सिर और दोनों बाजुओं में गंभीर चोटें आईं। उनके परिवार के अन्य सदस्य प्रेम कौर, निर्मल सिंह, अशोक कुमार, रोशन लाल और पोता राहुल भी हमले में घायल हुए हैं।
घटना के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ितों को दोबारा बोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।